एस. श्रीसंत को बड़ी राहत, केरल क्रिकेट संघ ने हटाया तीन साल का प्रतिबंध

तिरुवनंतपुरम। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को बड़ी राहत मिली है। केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने उन पर लगाया गया तीन वर्ष का प्रतिबंध समाप्त कर दिया है। संघ की विशेष आम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। श्रीसंत द्वारा संगठन के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर बिना शर्त माफी मांगने और खेद व्यक्त करने के बाद यह फैसला लिया गया।
केसीए के अनुसार, श्रीसंत के माफीनामे पर विचार करने के बाद सदस्यों ने माना कि उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में संगठन का सम्मान बनाए रखने का आश्वासन दिया है। इसके चलते प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष केरल क्रिकेट संघ ने संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली कथित सार्वजनिक टिप्पणियों के कारण श्रीसंत पर तीन साल का प्रतिबंध लगाया था, जिसके चलते उन्हें केरल क्रिकेट लीग (केसीएल) की गतिविधियों से भी दूर रखा गया था।
प्रतिबंध हटने के बाद अब श्रीसंत के लिए केरल क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में फिर से भागीदारी का रास्ता साफ हो गया है। 2007 टी-20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे श्रीसंत की वापसी को क्रिकेट जगत में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













