भारत-जापान संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत, पीएम मोदी बोले- टेक्नोलॉजी साझेदारी बनेगी सबसे मजबूत स्तंभ

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के बीच गुरुवार को हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ताकाइची की भारत यात्रा भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने जापानी प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें अपनी “छोटी बहन” बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग भविष्य का सबसे मजबूत आधार बनेगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया है, जबकि रक्षा क्षेत्र में भारत-जापान के पहले सह-विकास (को-डेवलपमेंट) परियोजना पर भी समझौता हुआ है।
उन्होंने कहा कि जापान की अत्याधुनिक तकनीक और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमता का मेल वैश्विक एआई विकास को नई दिशा देगा। पिछले एक वर्ष में दोनों देशों के बीच लगभग 120 नए व्यावसायिक समझौते हुए हैं, जिनसे भारत में 10 अरब डॉलर से अधिक का जापानी निवेश आने की संभावना है।
वार्ता में निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, सप्लाई चेन, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री बनने के बाद साने ताकाइची की यह पहली भारत यात्रा है।













