सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के सानिध्य में बाल संरक्षण पर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

सिंगरौली। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड अश्वनी दुबे के सिंगरौली प्रवास के दौरान बाल कल्याण समिति, जिला सिंगरौली के कार्यालय बैढ़न में “बाल देखरेख, संरक्षण, पुनर्वास एवं पॉक्सो अधिनियम” विषय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के चेयरपर्सन डॉ. आर. डी. पाण्डेय ने की। प्रारंभ में डॉ. पाण्डेय ने अश्वनी दुबे सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में एनसीएल के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (विधि) जी. पी. सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार दुबे, राकेश चतुर्वेदी, आशीष शर्मा, अधिवक्ता योगेंद्र पाण्डेय, द्वारिका तिवारी, संजय जायसवाल, सुनील जायसवाल, समिति सदस्य देवधर शर्मा, पूनम मिश्रा, समाजसेवी राजेश दुबे एवं सीमा सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बैठक में बाल संरक्षण, पुनर्वास, पॉक्सो अधिनियम, मानव तस्करी, बाल विवाह, बाल श्रम तथा स्ट्रीट चिल्ड्रन से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। अश्वनी दुबे ने सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न निर्णयों और अपने विधिक अनुभव के आधार पर बच्चों के सर्वोत्तम हित में कार्य करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में बाल अपराधों की रोकथाम एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता के लिए विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों तक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। डॉ. आर. डी. पाण्डेय ने कहा कि यह बैठक सिंगरौली को बाल हितैषी एवं बाल अपराध मुक्त जिला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।













