बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

हाईटेंशन टावर निर्माण के विवाद में किसान की मौत

परिजनों ने कंपनी और ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप

सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र के परसदेही गांव में हाईटेंशन टावर निर्माण के दौरान हुए विवाद में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीश शाह के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जगदीश शाह लोहे के पाइप के साथ गड्ढे में गिरते दिखाई दे रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि पावरग्रिड कंपनी के अधिकारी और ठेकेदार बिना अनुमति एवं बिना उचित मुआवजा दिए उनकी जमीन पर जबरन हाईटेंशन टावर का निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर विवाद हुआ, जिसके दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में जगदीश शाह की मौत हो गई। परिजनों ने मामले में संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जगदीश शाह निर्माण स्थल पर पहुंचे थे और वहां मौजूद मजदूरों से विवाद के बाद लोहे का पाइप उठाने का प्रयास किया। इसी दौरान पाइप फिसल गया और वह करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पावरग्रिड कंपनी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button