चितरंगी विधानसभा के सघन दौरे पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जन चौपाल से लेकर स्कूलों के निरीक्षण तक विकास और जनकल्याण पर रहा विशेष फोकस

सिंगरौली। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का व्यापक दौरा कर जनसंपर्क, जन चौपाल, शैक्षणिक संस्थानों के निरीक्षण एवं ग्रामीणों से संवाद के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर जोर दिया।
दौरे की शुरुआत ग्राम खम्हारडीह से हुई, जहां सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने श्री कमला सिंह गुर्जर जी के निवास पर आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद कर क्षेत्र के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की।
इसके उपरांत सांसद ने ग्राम खम्हारडीह स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया।
इसके बाद सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ग्राम पंचायत बहेरी के दीपवा ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने जन चौपाल आयोजित कर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, आवास सहित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से सांसद को अवगत कराया। सांसद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जन चौपाल के दौरान क्षेत्रवासियों को मच्छरदानियों का वितरण भी किया गया तथा सभी से स्वच्छता अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
दौरे के अगले चरण में सांसद ग्राम पंचायत करौंदिया के ग्राम खरखौली (पिपरखड़) स्थित बैगा बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा शिक्षण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात बैगा बस्ती में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। यहां भी सांसद ने क्षेत्रवासियों को मच्छरदानियों का वितरण किया।
अपने दौरे के अंतिम चरण में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने ग्राम बीछी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय एवं आंगनवाड़ी में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, पोषण एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों का शुभारंभ करना नहीं, बल्कि स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करना और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सीधी संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनसेवा के लिए उनका सतत प्रयास आगे भी जारी रहेगा।













