चितरंगी में शिक्षा कार्यशाला का आयोजन,छात्रवृत्ति,आधार अपडेट और साक्षरता अभियान पर विशेष फोकस

सिंगरौली/चितरंगी -विकासखण्ड चितरंगी के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में जनपद शिक्षा केन्द्र चितरंगी द्वारा आयोजित विकासखंड स्तरीय एक दिवसीय शिक्षा कार्यशाला में छात्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों तथा जनशिक्षकों को लंबित छात्रवृत्ति, साइकिल एवं पुस्तक वितरण,आधार कार्ड संबंधी त्रुटियों के सुधार और विभिन्न शैक्षणिक पोर्टलों पर दर्ज गलत जानकारियों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए,ताकि कोई भी विद्यार्थी शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में बताया गया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से शुल्क लेते समय पारदर्शिता बरती जाए। साथ ही अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति एवं संबल कार्डधारी परिवारों के विद्यार्थियों से शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाए।
कार्यशाला में नवभारत साक्षरता अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर नागरिकों को पढ़ना-लिखना,गणना, डिजिटल,वित्तीय एवं कानूनी साक्षरता से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया।इस दौरान आगे-आगे बढ़े चलो,साक्षरता कक्षा में पढ़े चलो तथा अक्षर-अक्षर दीप जलाएँ,गर्व से हम साक्षर कहलाएँ जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश दिया गया।
कार्यशाला में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह,उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य जगजीवन भारती, जिला छात्रवृत्ति प्रभारी रामलखन पटेल व विकासखंड के सभी प्राचार्य एवं जनशिक्षक उपस्थित रहे।













