ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

विदाई से पहले बवाल: बारातियों के उत्पात से शादी समारोह में मचा हड़कंप, पथराव में दुल्हन के पिता व भाई समेत तीन घायल

 

जबलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर के कमल बारात घर में शनिवार देर रात शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ बारातियों ने कथित रूप से शराब के नशे में हंगामा करते हुए मारपीट और पथराव कर दिया। घटना में दुल्हन के पिता, भाई और ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, चौकीताल क्षेत्र से आई बारात में शामिल विंदी चौधरी, कमल चौधरी और पारस चौधरी कथित रूप से शराब के नशे में मेहमानों के बीच गाली-गलौज और हंगामा कर रहे थे। इस दौरान शारदा नगर निवासी दुल्हन के पिता परमीलाल उर्फ छुट्टन अहिरवार, उनके पुत्र साहिल अहिरवार और ताऊ राजेश कुमार अहिरवार ने उन्हें शांत रहने की समझाइश दी। विवाद बढ़ने पर वधू पक्ष के लोगों ने तीनों को बारात घर से बाहर जाने के लिए कहा।

आरोप है कि इससे नाराज होकर तीनों युवकों ने बाहर सड़क किनारे पड़े पत्थरों से वधू पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव में साहिल अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परमीलाल और राजेश कुमार अहिरवार के सिर एवं शरीर पर भी चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button