बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

‘SAFE CLICK-2026’ अभियान के तहत डीपीएस विंध्यनगर में साइबर जागरूकता महाअभियान, एसपी षियाज के.एम. ने 500 विद्यार्थियों को किया जागरूक

सिंगरौली। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के तहत डीपीएस विंध्यनगर में गुरुवार को विशाल साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।

एसपी षियाज के.एम. ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में साइबर अपराध लगातार नए-नए रूपों में सामने आ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन, पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं जिला सिंगरौली पुलिस द्वारा तैयार साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता वीडियो और लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक घटनाओं और साइबर अपराधों से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति ने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइबर सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता रही, जिसमें लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े 40 प्रश्न पूछे गए, जिससे विद्यार्थियों के ज्ञान का आकलन करने के साथ उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति और अधिक जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक पवन सिंह, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या क्यूआर कोड पर भरोसा न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Author

Related Articles

Back to top button