सांसद ने बरवाडीह स्कूल में छात्र-छात्राओं को बांटी साइकिलें; चितरंगी क्षेत्र में किया जनसंवाद

सिंगरौली 4 जुलाई 2026। सीधी सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के सघन प्रवास के दौरान ग्राम बरवाडीह (नौडिहवा) स्थित शासकीय हाई स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह कल्याणकारी पहल दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। इससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी, शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा और विद्यालयों में ड्रॉपआउट दर को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी।
अपने इस सघन दौरे के दौरान सांसद डॉ. मिश्रा ने ग्राम पंचायत बकिया, नैकहवा, क्योटली, तमई, पड़री कला, नैडिहवा, झटकटा और गोड़वा का दौरा कर ग्रामीणों से आत्मीय जनसंवाद किया। उन्होंने चौपालों में जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नैकहवा में सीएम राइज विद्यालय तथा शासकीय जूनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया।
विभिन्न ग्रामों में आयोजित संवाद कार्यक्रमों में सांसद ने ग्रामीणों को श्रमिकों के हितों के लिए संचालित ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ (वीबी-जी आरएएम जी) योजना के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पूर्व विधायक श्री अमर सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी प्रवेंद्र धर द्विवेदी, गंगा सागर सहित , प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।













