थाने के सामने युवक ने लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती
माढ़ोताल थाने के बाहर आत्मदाह का प्रयास, पुलिस कार्रवाई से नाराज होने की बात; मामले की जांच शुरू

जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने थाने के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाकर मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, प्रभात नगर निवासी गंगाराम किसी मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने से नाराज बताया जा रहा है। वह अपनी शिकायत लेकर माढ़ोताल थाने पहुंचा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद थाने के बाहर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस मामले में कार्रवाई नहीं होने से परेशान था और उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।













