लोकार्पण के अगले दिन ही बह गई करोड़ों की सड़क
सीएम से उद्घाटन के 24 घंटे के भीतर पहली बारिश में धंसी सड़क और पुलिया, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में करीब 3.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मोहबर्रा-सारसडोल मार्ग पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 जुलाई को धान महोत्सव के दौरान इस सड़क का लोकार्पण किया था, लेकिन अगले ही दिन हुई बारिश में सड़क का हिस्सा और पुलिया बह जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, केवलारी विकासखंड में निर्मित इस मार्ग का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुआ था। सड़क पर तीन पुलियों का निर्माण अधूरा होने के बावजूद इसका लोकार्पण कर दिया गया। पहली बारिश में पुलिया धंसने और सड़क बहने से आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यह क्षेत्र की प्रमुख सड़क है, जिससे प्रतिदिन बसें, ट्रक और अन्य वाहन गुजरते हैं। सड़क टूटने से आवागमन के साथ खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मार्ग का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग ने निर्माण में गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया है। विभाग के एसडीओ राजगुरु चौबे के अनुसार, पुलिया के पास लगाए गए डक्ट पाइपों के सामने भारी बारिश के दौरान झाड़ियां फंस जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई। इसके कारण पानी का दबाव बढ़ा और रिसाव से सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विभाग ने जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की बात कही है।













