सेना के ट्रक से भिड़ी एम्बुलेंस, तीन की मौत
श्रीगंगानगर के NH-62 पर भीषण हादसा, दो गंभीर घायल; टक्कर के बाद हाईवे पर लगा जाम

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-62 पर सेना के ट्रक और एक निजी एम्बुलेंस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एम्बुलेंस सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिए गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतक श्रीगंगानगर जिले के हिंदुमलकोट थाना क्षेत्र स्थित 5 बी कोनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।













