जनहित की आवाज उठाने पर रेनू शाह पर दर्ज एफआईआर भाजपा जनप्रतिनिधियों की साजिश: प्रवीण सिंह चौहान

सिंगरौली। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं दो बार की महापौर श्रीमती रेनू शाह पर दर्ज एफआईआर की कड़ी निंदा करते हुए इसे भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों के इशारे पर रची गई राजनीतिक साजिश बताया है।
प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि श्रीमती रेनू शाह लगातार जनता के हितों की लड़ाई लड़ रही हैं और जनसमस्याओं को मजबूती से उठा रही हैं। जनता के बीच उनकी बढ़ती सक्रियता और लोकप्रियता भाजपा के जनप्रतिनिधियों को रास नहीं आ रही है। इसी कारण साजिश के तहत सत्ता के दबाव में उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें डराने और उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि जनता के हित में आवाज उठाना किसी भी जनप्रतिनिधि का लोकतांत्रिक अधिकार है। ऐसे में श्रीमती रेनू शाह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला हनन है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए तथा यदि मामला तथ्यों पर आधारित नहीं है तो दर्ज मुकदमा तत्काल वापस लिया जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की और मुकदमा वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी जनहित एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन एवं प्रदर्शन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।













