अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक में किसानों की समस्याओं पर मंथन, तहसील घेराव का निर्णय
राजस्व अभिलेखों में कथित गड़बड़ी, बंटनवारा सीमांकन नक्शा तरमीम और किसानो हितों के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी

सिंगरौली। अखिल भारतीय किसान सभा की जिला स्तरीय बैठक रविवार को मांजन मोड़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ साथी कामरेड जिन्द लाल वर्मा ने की। बैठक में जिले के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में किसानों ने आरोप लगाया कि जिले में राजस्व अभिलेखों में कथित गड़बड़ियां, बंटन भूमि से जुड़े विवाद और किसानों की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हो रहा है। वक्ताओं ने कहा कि कई स्थानों पर अधिकारियों द्वारा किसानों के नाम पर राजस्व अभिलेखों में अनियमितताएं की जा रही हैं, जिससे किसानों में असंतोष व्याप्त है।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए 15 जुलाई 2026 को जिला के माडा तहसील कार्यालय का घेराव एवं प्रदर्शन किया जाएगा। किसान सभा ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
बैठक में प्रदेश सचिव राज कुमार शर्मा, प्रदेश सदस्य अरविंद कुमार शाह जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार विश्वकर्मा, महासचिव रामरशीले नाई, जिला सचिव नारेन्द्र जायसवाल, , सहित किसान सभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक के अंत में किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को और मजबूत बनाने तथा गांव-गांव तक किसान सभा का विस्तार करने का भी संकल्प लिया गया।













