बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में जनसंघर्ष तेज करने का आह्वान, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बैठक में भाजपा सरकार पर निशाना

सांप्रदायिकता, भ्रष्टाचार, स्थानीय युवाओं को रोजगार और संगठन विस्तार जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा, सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

सिंगरौली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जिला परिषद सिंगरौली की जिला स्तरीय बैठक रविवार को मांजन मोड़ स्थित सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में देश और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, बढ़ती सांप्रदायिकता, भ्रष्टाचार, स्थानीय युवाओं के रोजगार तथा संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सहायक राज्य सचिव कामरेड हरिद्वार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य कार्यकारिणी सदस्य कामरेड संजय नामदेव उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव कामरेड राजकुमार दुबे ने की।


बैठक को संबोधित करते हुए कामरेड हरिद्वार सिंह ने कहा कि देश के साथ-साथ सिंगरौली में भी सांप्रदायिकता का माहौल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ न्यायिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के जल, जंगल और जमीन को औने-पौने दामों पर पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है, जिसके खिलाफ व्यापक जनसंघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने जिलेवासियों से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया।

राज्य कार्यकारिणी सदस्य कामरेड संजय नामदेव ने कहा कि सिंगरौली अब पूरी तरह औद्योगिक जिला बन चुका है, लेकिन विकास का लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन किसानों ने अपनी जमीन उद्योगों के लिए दी, आज वही मजदूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जिले की औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को जनप्रतिनिधियों के लेटर पैड और कथित आर्थिक लेन-देन के आधार पर नियुक्तियां दी जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर रोजगार के अधिकार के लिए संगठित संघर्ष करने की अपील की।

बैठक के अंत में जिला सचिव कामरेड राजकुमार दुबे ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी आंदोलन की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।

बैठक में प्रमुख रूप से अरुण सिंह, नदीम खान, संतोष पाठक, राजकुमार शर्मा, सरवन विश्वकर्मा, अरविंद शाह, राम, रसीले नापित, बृजेश जायसवाल, अक्षय कुमार, दीपक सिंह, शिवकली साकेत, रंगीला देवी, राजकुमारी उपाध्याय, अनीता शर्मा, बेचूलाल, भाईलाल, प्रकाश, रामचंद्र, अजय, विनीत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button