बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार और डिजिटल प्रशिक्षण पर जोर

संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित सम्मेलन में राज्य मंत्री राधा सिंह व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी जिला सिंगरौली द्वारा रविवार को जिला कार्यालय में ‘संस्मरण पखवाड़ा’ के अंतर्गत जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि तथा सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने की।

राज्य मंत्री राधा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर आगे बढ़ने वाला संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन और सरकार दोनों में मातृशक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री किसान कल्याण, सीखो-कमाओ और स्व-सहायता समूहों जैसी योजनाओं की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी संगठन की प्रेरणा हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अनुच्छेद 370 हटाने जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव ने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने 6 जुलाई तक डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता ने तथा आभार प्रदर्शन अशोक शाह ने किया। सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button