जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत पर हंगामा, इलाज में लापरवाही के आरोप
परिजन धरने पर बैठे, नर्सों पर अभद्रता का आरोप; करोड़ों की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर एक बार फिर विवादों में आ गया है। डिलीवरी के लिए भर्ती एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर समुचित उपचार नहीं दिया गया, जिसके कारण महिला की जान चली गई। उनका यह भी कहना है कि ड्यूटी पर तैनात कुछ नर्सों ने संवेदनशील व्यवहार करने के बजाय परिजनों के साथ अभद्रता की, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।घटना के बाद परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए और दोषी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। अस्पताल परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।यह घटना एक बार फिर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है। करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं वाले अस्पताल के निर्माण के बावजूद यदि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है, तो यह स्वास्थ्य तंत्र की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन एवं प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया, तो इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति से इंकार नहीं किया जा सकता।













