मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर लैंडस्लाइड, कई ट्रेनें रद्द

मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर रविवार देर रात भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया। कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण-पूर्वी घाट खंड में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच रेलवे ट्रैक पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से कई ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा।
रेलवे के अनुसार, कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के निकट हुए भूस्खलन से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हुईं। इसके अलावा सोमवार तड़के खंडाला और मंकी हिल स्टेशन के बीच मिडिल लाइन पर भी एक अन्य लैंडस्लाइड हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। रेलवे की इंजीनियरिंग और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक से मलबा हटाने और रेल मार्ग को जल्द बहाल करने के कार्य में जुटी हैं।
घटना के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक से चर्चा कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक संसाधनों के साथ राहत एवं बहाली कार्य तेज करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेंट्रल रेलवे ने सोमवार को इंद्रायणी एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पुणे दुरंतो, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस समेत नौ लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घाट सेक्शन में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और चट्टानें गिर रही हैं। मौसम की स्थिति सामान्य होने और ट्रैक से मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही रेल सेवाएं सामान्य रूप से शुरू की जाएंगी।













