बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

नई यूनिफॉर्म के विरोध में छात्राओं का चक्काजाम, कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन

जबलपुर। होम साइंस कॉलेज में नई यूनिफॉर्म अनिवार्य किए जाने के विरोध में सोमवार को सैकड़ों छात्राएं सड़क पर उतर आईं। छात्राओं ने कॉलेज से रैली निकालकर शास्त्री ब्रिज चौराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस, कॉलेज प्रबंधन और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि उनकी वर्तमान यूनिफॉर्म पूरी तरह उपयोग योग्य है, इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन नए शैक्षणिक सत्र से नई यूनिफॉर्म खरीदना अनिवार्य कर रहा है। उनका आरोप है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। छात्राओं ने कहा कि जब तक कॉलेज प्रबंधन अपना निर्णय वापस नहीं लेता, वे नई यूनिफॉर्म नहीं खरीदेंगी और आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन करेंगी।

छात्रा सपना कुर्मी ने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदी गई थी, जो अभी भी अच्छी स्थिति में है। ऐसे में दोबारा नई यूनिफॉर्म खरीदने का कोई औचित्य नहीं है।

मामले की जानकारी मिलने पर उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक अल्केश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्राचार्य से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि नई यूनिफॉर्म को वैकल्पिक बनाए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है।

प्रदर्शन के दौरान मदनमहल, गढ़ा और ओमती थाना पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Author

Related Articles

Back to top button