डॉक्टर के घर डकैती का प्रयास, शोर मचाने पर भागे हथियारबंद बदमाश

जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र स्थित रिलायबल कॉलोनी में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर में डकैती का प्रयास किया। चार नकाबपोश बदमाश घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन डॉक्टर के शोर मचाने और कॉलोनी के लोगों के जाग जाने पर वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. विपिन अग्रवाल अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे उन्हें खटपट की आवाज सुनाई दी। बालकनी से देखने पर उन्होंने एक बदमाश को सड़क पर निगरानी करते हुए और तीन अन्य को मुख्य दरवाजा तोड़ने का प्रयास करते देखा। बदमाश लोहे के औजारों से दरवाजे पर लगातार वार कर रहे थे।
डॉ. अग्रवाल ने तत्काल शोर मचाया, डायल-112 पर सूचना दी और पड़ोसियों को फोन कर सतर्क किया। शोर सुनते ही कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए और कई मकानों की लाइटें जल गईं। लोगों की हलचल बढ़ते देख बदमाश मौके से भाग निकले।
सूचना मिलने पर ग्वारीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों का पीछा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी रेल पटरी की ओर से कॉलोनी में आए थे। पुलिस ने उसी दिशा में तलाश अभियान चलाया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मुख्य दरवाजे पर लगे डिजिटल लॉक के कारण बदमाश घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सके, जिससे बड़ी वारदात टल गई। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ घूमते दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।:::













