बीना में बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 15 यात्री घायल

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना तहसील अंतर्गत खिमलासा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीरघाट के पास इंदौर से ललितपुर जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा और ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग सहायता के लिए पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, एफआरवी और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। तीन घायलों को बीना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों ने आसपास के अस्पतालों में उपचार कराया।
घायलों में हरिराम प्रजापति (50) निवासी ललितपुर, गुड्डुबाई कुर्मी निवासी ललितपुर और उमा तिवारी निवासी उज्जैन सहित अन्य यात्री शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।
खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है।













