बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सूपाताल में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित सूपाताल तालाब में सोमवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बीटी तिराहा निवासी अमर सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, अमर सिंह रविवार देर रात अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन सुबह उसका शव तालाब में तैरता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

मृतक के परिजनों ने अमर सिंह की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उसके साथ गए दोस्तों ने पहले मारपीट की और बाद में उसे तालाब में फेंक दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

गढ़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस डूबने और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के समय अमर सिंह के साथ मौजूद रहे युवकों की तलाश की जा रही है और उनसे पूछताछ की जाएगी।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button