देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर बोले मोहन भागवत, दोषियों को मिले कड़ी सजा

नई दिल्ली। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि इस मामले में उनकी भी वही राय है जो होसबोले ने व्यक्त की है।

नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोहन भागवत ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इससे पहले दत्तात्रेय होसबोले ने भी कहा था कि राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी की खबर से देश-दुनिया के करोड़ों राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि चढ़ावे का पूरा लेखा-जोखा सुरक्षित और ऑडिटेड है। उन्होंने जांच एजेंसियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा भविष्य में पारदर्शिता और मजबूत की जाएगी।

मामले को लेकर सोमवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। बैठक में विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी। वहीं, मंदिर प्रशासन ने दान की राशि की गिनती के लिए निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी नियमों को और कड़ा कर दिया है। पुलिस और एसआईटी पूरे मामले की जांच में जुटी हैं तथा वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button