मुंबई में तीन मंजिला चॉल ढही, पांच बच्चों सहित छह की मौत

मुंबई। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुंबई के मानखुर्द स्थित जनता नगर इलाके में रविवार देर रात एक तीन मंजिला चॉल ढह गई। हादसे में पांच बच्चों और एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का कार्य कई घंटों तक जारी रहा।
हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने गोवंडी अस्पताल पहुंचकर घायलों और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। वहीं जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में अवैध निर्माण और जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए अवैध निर्माणों की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा है।













