पीएम मोदी की इंडोनेशिया यात्रा आज से, रक्षा, व्यापार और समुद्री सहयोग पर रहेगा फोकस

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार से तीन देशों की विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। दौरे के पहले चरण में वह 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया में रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, व्यापार, समुद्री सुरक्षा, निवेश, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल सहयोग को नई गति देने पर विशेष जोर रहेगा। प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की चौथी यात्रा होगी और वर्ष 2018 में भारत-इंडोनेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद पहली द्विपक्षीय यात्रा है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने, संयुक्त सैन्य अभ्यास, रक्षा उद्योग तथा समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा होगी।
व्यापार और निवेश भी यात्रा का प्रमुख एजेंडा रहेगा। इंडोनेशिया आसियान क्षेत्र में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देश निवेश बढ़ाने, महत्वपूर्ण खनिजों, कृषि, खाद्य सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर भी विचार करेंगे।
डिजिटल सहयोग के तहत भारत के यूपीआई और इंडोनेशिया के क्यूआरआईएस भुगतान प्रणाली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा दोनों देश डिजिटल कॉमर्स, सामाजिक कल्याण योजनाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के प्रयास करेंगे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। दोनों नेता ऐतिहासिक प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और समुद्री संबंधों को देखते हुए इस यात्रा को दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













