देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

राम मंदिर ट्रस्ट पर कांग्रेस का निशाना, पवन खेड़ा बोले- जनता का भरोसा कम हो रहा

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रस्ट से जुड़े विवादों के कारण लोगों का भरोसा कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब पूरा ट्रस्ट ही सवालों के घेरे में हो, तो उसके निर्णयों पर विश्वास करना कठिन हो जाता है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता अयोध्या स्थित राम मंदिर जा चुके हैं और कुछ नेताओं ने वहां दान भी दिया है, लेकिन इससे ट्रस्ट से जुड़े विवाद समाप्त नहीं हो जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर परियोजना में जवाबदेही का अभाव है और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

खेड़ा ने देश के विभिन्न पूजा स्थलों पर हो रही चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में एक समान पैटर्न दिखाई देता है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरएसएस की कार्यप्रणाली और वित्तीय पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए खेड़ा ने कहा कि चुनाव में जीत-हार का फैसला जनता करती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को कड़ा जवाब देगी।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के कांग्रेस पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खेड़ा ने कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन लोकतंत्र में जनता ही अंतिम निर्णय करती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को जनता के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए।

कांग्रेस नेता के इन बयानों के बाद राम मंदिर ट्रस्ट और प्रदेश की राजनीति को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

Author

Related Articles

Back to top button