बरगवां शराब दुकान से जुड़े लोगों पर ढाबा कर्मचारियों की पिटाई का आरोप, तीन व्यक्ति ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

सिंगरौली- बरगवां थाना क्षेत्र के ओड़गड़ी स्थित मधुबन ढाबा में हुई मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था और अवैध दबंगई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बरगवां शराब दुकान से जुड़े 7–8 लोग सोमवार तड़के करीब 4 बजे भोर में ढाबे पर पहुंचे। ढाबा बंद होने के कारण खाना नहीं मिलने पर विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारियों के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि आरोप सही हैं तो आखिर इन लोगों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए? क्या उन्हें कानून का डर नहीं है? क्या देर रात आम लोगों के साथ मारपीट करना अब सामान्य बात हो गई है?
पीड़ित पक्ष का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
पत्रकारों ने जब इस मामले में बरगवां थाना प्रभारी से दूरभाष पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।इस जवाब के बाद स्थानीय लोगों में कई सवाल उठ रहे हैं कि इतनी गंभीर घटना में तीन लोगों के अस्पताल पहुंचने के बावजूद संबंधित थाना स्तर पर जानकारी क्यों नहीं थी। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि जांच कितनी तेजी और निष्पक्षता से आगे बढ़ती है तथा दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।













