बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

हिर्रवाह में अवैध शराब के ठिकानों पर भगवती मानव कल्याण संगठन ने पुलिस का सहयोग लेकर छापा मार कार्रवाई की

हिर्रवाह (सेमर चौराहा) में अवैध शराब के खिलाफ संगठन का बड़ा अभियान, पुलिस ने 64 लीटर शराब के साथ आरोपी को पकड़ा

सिंगरौली- थाना बैढ़न अंतर्गत ग्राम हिर्रवाह (सेमर चौराहा) में लंबे समय से संचालित अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध आखिरकार बड़ी कार्रवाई हुई। भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के सदस्यों ने ग्रामीणों के सहयोग से अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग 63.82 लीटर (लगभग 64 लीटर) अंग्रेजी एवं देसी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, सेमर चौराहा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री खुलेआम की जा रही थी। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अवैध कारोबार लगातार जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से युवा एवं छोटे-छोटे बच्चे प्रभावित हो रहे थे। वहीं, शराबियों द्वारा महिलाओं एवं बहनों पर अभद्र टिप्पणियां किए जाने से क्षेत्र का माहौल भी खराब हो गया था।

क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होते देख उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उर्मिला शाह, पति राजकुमार शाह उर्फ राजू की गोमती (दुकान) में रखे फ्रीजर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 10 अलग-अलग ब्रांड की लगभग 63.82 लीटर अंग्रेजी एवं देसी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹23,980 बताई गई है, बरामद की गई। जब्त शराब में विभिन्न ब्रांड की बीयर के साथ अंग्रेजी एवं देसी शराब शामिल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।

भगवती मानव कल्याण संगठन ने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से नशा मुक्ति अभियान चला रहा है। संगठन गांव-गांव जाकर अवैध शराब, नशाखोरी एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरण अभियान संचालित कर रहा है। संगठन का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना तथा गांवों को नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त कर सुरक्षित एवं संस्कारित वातावरण उपलब्ध कराना है।संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि समाज में शांति, सुरक्षा और नशामुक्त वातावरण स्थापित किया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button