बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निगाही परियोजना में विशालकाय मशीन में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

सिंगरौली। एनसीएल की निगाही परियोजना में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओपनकास्ट खदान में कार्यरत एक विशालकाय मशीन में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण मशीन के पैनल में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगने से पूरे क्षेत्र में काला धुआं फैल गया।

घटना के समय मशीन में मौजूद चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई। समय रहते बाहर निकल जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।सूचना मिलते ही एनसीएल की दमकल टीम और तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद मशीन के क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि आग से प्रभावित मशीन ओपनकास्ट खदान में कोयला उत्पादन के लिए उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण मशीनों में शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत क्षमता और मॉडल के आधार पर लगभग 800 करोड़ से 1500 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। मशीन के लंबे समय तक बंद रहने से खदान के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

एनसीएल अधिकारियों के अनुसार मशीन के इलेक्ट्रिकल पैनल और अन्य हिस्सों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आवश्यक स्पेयर पार्ट्स स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य में कुछ समय लग सकता है। फिलहाल तकनीकी टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और मशीन को जल्द से जल्द दोबारा चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button