सिंगरौली में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, तीन वाहन जब्त

सिंगरौली। सिंगरौली कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर तीन वाहनों को जब्त किया है।
खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान बिना नंबर के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर पुलिस थाना बरगवां में सुरक्षित खड़ा कराया गया। वहीं, वाहन क्रमांक UP64BT5171 को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पकड़े जाने पर थाना चितरंगी में जब्त किया गया।इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP66ZB4475 को बिना वैध दस्तावेज के गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर थाना कोतवाली बैढ़न में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों के विरुद्ध खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियमों के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













