बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

साइबर सुरक्षा के लिए मोरवा पुलिस का भव्य कार्यक्रम

मोरवा में स्कूली बच्चों ने बनाई 'SAFE CLICK 2.0 व सिंगरौली पुलिस 1930' की मानव आकृति

मोरवा पुलिस एवं स्कूलों ने साइबर सुरक्षा को अलग लेवल पर पहुँचाया- एसपी शियाज के एम

 

सिंगरौली- पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत सोमवार को मोरवा पुलिस द्वारा एनसीएल ऑफिसर्स क्लब एवं एनसीएल स्टेडियम में भव्य साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम का आयोजन एसडीओपी मोरवा रोशनी कुर्मी एवं थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. ने कहा कि आज इंटरनेट के दौर में अपराध का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। पहले चोरी, लूट और अन्य अपराध किसी क्षेत्र विशेष तक सीमित रहते थे, लेकिन अब साइबर अपराध की कोई सीमा नहीं रह गई है। अपराधी किसी भी राज्य या देश में बैठकर केवल एक फोन कॉल के माध्यम से लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी, एटीएम पिन और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों तक अपराध होने के बाद पहुंचना और उन्हें पकड़ना पारंपरिक अपराधों की तुलना में कहीं अधिक कठिन है। इसलिए पुलिस विभाग और भारत सरकार की प्राथमिकता अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध होने से पहले लोगों को जागरूक कर उसे रोकना है। उन्होंने लोगों से साइबर साक्षर बनने, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एनसीएल स्टेडियम में स्कूली बच्चों द्वारा “SAFE CLICK 2.0 – SINGRAULI POLICE – 1930” की विशाल मानव आकृति (ह्यूमन फॉर्मेशन) का निर्माण रहा। ड्रोन कैमरे से कैद इस दृश्य ने साइबर सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर श्रीसाईं शैल मंगलम कॉलेज, क्राइस्ट ज्योति स्कूल, सेपियंट स्कूल एवं सरस्वती शिशु मंदिर, सिंगरौली के कुल 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, लघु अभिनय, जागरूकता गीत, संगीत एवं कविताओं के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश सरल एवं प्रभावी तरीके से दिया।

पुलिस अधीक्षक शियाज के. एम. ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और मोरवा पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि “मोरवा पुलिस और सभी विद्यालयों ने मिलकर साइबर सुरक्षा अभियान को उम्मीद से दस गुना बेहतर बनाकर एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया है।” उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही साइबर अपराधों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को व्यापक सफलता मिल सकती है।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक “SAFE CLICK 2.0” सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां विद्यार्थियों, नागरिकों एवं अतिथियों ने सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सिंगरौली पुलिस की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।

Author

Related Articles

Back to top button