मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा

प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को मिलेगी आर्थिक सुरक्षा

सिंगरौली, -खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले के किसानों से 31 जुलाई 2026 तक अपनी खरीफ फसलों का बीमा कराने की अपील की गई है। योजना के तहत धान, उड़द, मक्का, कोदो, अरहर सहित अन्य अधिसूचित फसलों का बीमा कराया जा सकता है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।कृषि विभाग द्वारा बताया गया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को अतिवृष्टि, सूखा, ओलावृष्टि, बाढ़, कीट एवं रोग प्रकोप जैसी परिस्थितियों में फसल क्षति होने पर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। योजना का उद्देश्य किसानों की आय को सुरक्षित रखते हुए उन्हें कृषि कार्य के प्रति प्रोत्साहित करना है।

ऋणी किसान अपने संबंधित बैंक अथवा पैक्स के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं। वहीं गैर-ऋणी किसानों को बीमा कराने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे खसरा, बी-1 अथवा पटवारी प्रतिवेदन तथा आवश्यकतानुसार स्व-घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।कृषि विभाग एवं कृषि बीमा कंपनी द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए किसान अपने निकटतम कृषि विभाग, बैंक, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के जिला प्रतिनिधि से संपर्क कर सकते हैं।“छोटा सा प्रीमियम, बड़ी सुरक्षा” के संदेश के साथ किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने का आग्रह किया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button