बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मानसून तैयारियों को लेकर नगर निगम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश

जलभराव, स्वच्छता एवं सड़क सुधार कार्यों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : देवेश पाण्डेय

सिंगरौली, – नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में निगम कार्यालय में मानसून तैयारियों, स्वच्छता व्यवस्थाओं एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा वर्षा ऋतु के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर निगम अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को राहत प्रदान करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने शहर के सभी 45 वार्डों में जलभराव की समस्या पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहां भी पानी भरने की स्थिति निर्मित हो रही है वहां तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बैठक के दौरान विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 6 में लगातार सामने आ रही जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने स्वच्छता विभाग को सीटाडेल का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रत्येक वार्ड में समय पर कचरा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालियों की सफाई के बाद तत्काल कचरा उठाव कराया जाए ताकि दोबारा गंदगी एवं जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। इसके साथ ही मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम हेतु सभी वार्डों में नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए।नगर निगम अध्यक्ष ने शहर की आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र सुधार कार्य कराने एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था सुचारू रहना अत्यंत आवश्यक है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

बैठक में कचरा संग्रहण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने निर्देश दिए कि कचरा उठाने वाले वाहन निर्धारित समय पर सभी कॉलोनियों एवं वार्डों में पहुंचें तथा नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर निर्माण में समयबद्ध एवं प्रभावी कचरा प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है।इसके साथ ही 181 सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निराकरण किया जाना आवश्यक है।बैठक में नगर निगम कर्मचारियों के लिए नवीन आवास निर्माण हेतु पीपीपी योजना अंतर्गत प्रस्ताव भी रखा गया। इस संबंध में अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाने तथा योजना को शीघ्र मूर्त रूप देने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, डी.के. सिंह, दिनेश तिवारी सहित संबंधित उपयंत्री एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button