एनटीपीसी विंध्याचल में राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह संपन्न, 200 से अधिक संविदाकर्मियों को मिला प्रशिक्षण
विद्युत सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए सप्ताहभर चले प्रशिक्षण, प्रदर्शन और सुरक्षा अभियान; 'जीरो हार्म, जीरो इंसिडेंट' की प्रतिबद्धता दोहराई

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के विद्युत अनुरक्षण (ईएमडी) विभाग द्वारा 26 जून से 2 जुलाई 2026 तक राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले इस अभियान में परियोजना के कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, व्यावहारिक सुरक्षा कौशल को सुदृढ़ करना तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
इस दौरान स्टेज-1 ईएमडी कार्यशाला, स्विचयार्ड, प्रशिक्षण केंद्र, प्लांट कैंटीन तथा विभिन्न कार्यस्थलों पर विद्युत सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, सुरक्षा मार्च, एचटी ब्रेकर रैक-इन/रैक-आउट का व्यावहारिक प्रदर्शन, लॉक-आउट टैग-आउट (LOTO) प्रशिक्षण, इंसुलेटेड टूल्स का प्रदर्शन, नॉन-कॉन्टैक्ट वोल्टेज डिटेक्टर के सुरक्षित उपयोग, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर अभ्यास, जोखिम पहचान गतिविधियां, विद्युत सुरक्षा अंताक्षरी तथा कैंटीन कर्मचारियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से “सभी दुर्घटनाएँ रोकी जा सकती हैं” का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।
अभियान के अंतर्गत स्टेज-1 से स्टेज-5 तक के 200 से अधिक संविदाकर्मियों को विद्युत सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जोखिमपूर्ण विद्युत कार्य, सुरक्षा नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षित आइसोलेशन, अर्थिंग, इंटरलॉक, सुरक्षा प्रणालियों तथा विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
एनटीपीसी विंध्याचल प्रबंधन ने बताया कि इस अभियान से कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों में सुरक्षित कार्य प्रणाली के प्रति जागरूकता और अधिक मजबूत हुई है। साथ ही संविदा कर्मियों के सुरक्षा प्रबंधन को भी सुदृढ़ करने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हुई। यह आयोजन एनटीपीसी विंध्याचल की “जीरो हार्म, जीरो इंसिडेंट” की प्रतिबद्धता को और मजबूती प्रदान करता है।









