देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

डोडा में अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही, मलबे में दबीं गाड़ियां; हाईवे बंद

भारी बारिश से मकानों-दुकानों को नुकसान, प्रशासन राहत कार्य में जुटा; लोगों से अफवाहों से बचने की अपील

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। थथरी कस्बे के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों से पानी के साथ बड़ी मात्रा में पत्थर, कीचड़ और मलबा नीचे आने से कई मकान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लगातार बारिश के चलते पिछले दो दिनों में डोडा और किश्तवाड़ जिलों में यह तीसरी बड़ी बाढ़ की घटना बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े कई वाहन मलबे में दब गए, जबकि कुछ वाहन तेज बहाव में बहकर चिनाब नदी की ओर चले गए। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

बाढ़ के कारण डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सड़क से मलबा हटाने का अभियान चलाया।

इससे पहले निर्माणाधीन क्वार जलविद्युत परियोजना के समीप भी बाढ़ से राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना बादल फटने से नहीं, बल्कि लगातार भारी बारिश के कारण पहाड़ी ढलानों से मिट्टी, पत्थर और मलबा खिसकने से हुई है। फिलहाल प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Author

Related Articles

Back to top button