ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भुईमाड़ थाने में सनसनी: प्रधान आरक्षक पर लाठी से जानलेवा हमला, सिर में गंभीर चोट, 8 टांके लगे

 

भुईमाड़। सीधी जिले के भुईमाड़ थाना परिसर में सोमवार दोपहर करीब 11:30 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने थाना परिसर के भीतर ही प्रधान आरक्षक पर लाठी से हमला कर दिया। घटना में प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई, जिसके चलते चिकित्सकों को 8 टांके लगाने पड़े। जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे थाना प्रभारी कक्ष में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ विभागीय कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के गैवटा निवासी ओमप्रकाश दुबे पिता बैजनाथ उम्र 22 वर्ष भुईमाड़ थाना परिसर पहुंचा और थाना प्रभारी कक्ष के बाहर लगी खिड़की पर लकड़ी के डंडे से जोर-जोर से प्रहार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। पुलिसकर्मियों ने खिड़की बंद कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। शोर सुनकर प्रधान आरक्षक बलबीर निखरे बाहर आए और आरोपी से हंगामे का कारण पूछा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने अचानक डंडे से पहले उनके पैर पर वार किया और फिर सिर पर जोरदार हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर पर आठ टांके लगाए गए।

इसके बाद एफआईआर दर्ज कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस दुस्साहसिक वारदात की चर्चा बनी हुई है। बता दें कि यह प्रधान आरक्षक चार दिवस पूर्व ही पोड़ी चौकी से ट्रांसफर होकर आये ही थे।

गौरतलब है कि भुईमाड़ थाना क्षेत्र की आबादी लगभग 15 हजार से ज्यादा है, जबकि पूरे थाना क्षेत्र में वर्तमान में मात्र 11 पुलिसकर्मी पदस्थ हैं। यह थाना जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर स्थित है, वहीं निकटतम दूसरा थाना भी लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में विस्तृत क्षेत्रफल, ग्रामीण भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बढ़ रही गतिविधियों को देखते हुए वर्तमान पुलिस बल अपर्याप्त प्रतीत होता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने के लिए भुईमाड़ थाने में पुलिस बल की तैनाती समय की आवश्यकता मानी जा रही है।

थाना में एक वाहन हैं मौजूद

इतना बड़ा थाना क्षेत्र की आबादी होने के बाद में भी भुईमाड़ थाने में महज एक वाहन हैं उसमें भी पुलिस का ड्राइवर नहीं है। यहां पर 112 नंबर भी नहीं है।

Author

Related Articles

Back to top button