बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मनमानी से खुल रही सहकारी समिति, खाद के लिए किसान परेशान

सिंगरौली। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच शासकीय समिति सखौहा में अव्यवस्थाओं की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर की मनमानी के कारण समिति निर्धारित समय पर नहीं खुल रही, जिससे किसानों को डीएपी और यूरिया खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि इन दिनों डीएपी और यूरिया की मांग बढ़ गई है, लेकिन समिति का संचालन नियमित समय पर नहीं होने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई किसान दूर-दराज के गांवों से खाद लेने पहुंचते हैं, लेकिन समिति बंद मिलने पर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

समिति के सदस्य किसान अरुण पाण्डेय ने आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक राधेश्याम शाह एवं कंप्यूटर ऑपरेटर मिथिलेश शाह द्वारा दुकान मनमाने समय पर खोली जाती है। निर्धारित समय का पालन नहीं होने से किसानों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक शिकायत का निराकरण नहीं हुआ है और न ही समिति की कार्यप्रणाली में कोई सुधार देखने को मिला है।

किसानों ने जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा समिति का संचालन निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके। वहीं, इस संबंध में समिति प्रबंधन का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।

Author

Related Articles

Back to top button