बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

13 साल से अधूरी सड़क के लिए ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंच दंडवत लेटे सरपंच पति

सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग, प्रशासन ने ज्ञापन लेकर कार्रवाई का दिया आश्वासन

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के ग्राम काम (महेला), ओंकारबालांड, पोस्ट निवारा के ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया। सुनवाई नहीं होने से नाराज सरपंच पति संजय कुमार वर्मा कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर दंडवत लेट गए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की, ज्ञापन लिया और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तिलैया मार्ग से जोड़ने वाली संपर्क सड़क का निर्माण लगभग 13 वर्ष पहले स्वीकृत हुआ था, लेकिन आज तक कार्य शुरू नहीं हो सका। बरसात के मौसम में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सरपंच सुमित्रा देवी वर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। मजबूर होकर ग्रामीणों को विरोध-प्रदर्शन करना पड़ा। वहीं सरपंच पति संजय कुमार वर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल गांव की सड़क बनवाना है और जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में सड़क निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने, कार्य की समय-सीमा सार्वजनिक करने तथा निर्माण पूर्ण होने तक आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button