छत ढलाई के दौरान घायल मजदूर की मौत, परिजनों का हंगामा; ठेकेदार पर मामला दर्ज

सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के माजन खुर्द में निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई के दौरान घायल हुए 24 वर्षीय मजदूर सोनू शाह की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मंगलवार रात जब शव रीवा से सिंगरौली पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई, परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था तथा आर्थिक सहायता की मांग की।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई के दौरान सोनू शाह का पैर फिसल गया था, जिससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान मंगलवार रात उसकी मौत हो गई।
शव सिंगरौली पहुंचते ही परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर नवानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया।
नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार राममनोज शाह के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि तत्काल सामाजिक सहयोग के तहत मृतक के परिवार को 1 लाख 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।












