बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

फोर व्हीलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद और एक जनपद सदस्य की तत्परता से निजी वाहन द्वारा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान अनीशा और विवेक कुमार के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद दोनों सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता करते हुए उन्हें अस्पताल भेजा, जिससे समय पर उपचार शुरू हो सका। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है।

माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना में शामिल फोर व्हीलर वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्र में इस हादसे के बाद तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button