मोरवा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, किराना दुकान से अवैध शराब बरामद
महिला आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज, 18.14 बल्क लीटर शराब जब्त

सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में मंगलवार को मोरवा वृत्त अंतर्गत ग्राम मुहैर में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम मुहैर निवासी ददनी देवी साहू, पति लल्लू प्रसाद साहू के किराना दुकान एवं रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान 47 पाव देशी प्लेन शराब, 26 पाव ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की तथा 10 कैन बीयर बरामद की गई। कुल 18.14 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9,418 रुपये बताई गई है।
मौके पर बरामद शराब के आधार पर आरोपी महिला के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती श्वेता सिंह, आबकारी आरक्षक धीरू सिंह, अनुज भुजिया एवं रितिका चौकसे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












