सड़क हादसे में घायल बच्चे की मदद को तत्पर रही सिंगरौली पुलिस
डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से समय पर मिला उपचार, लोगों ने की सराहना

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल हुए बच्चे और उसके पिता की समय पर सहायता कर मानवता का उदाहरण प्रस्तुत किया। घटना राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम के सामने की है, जहां एक बाइक सवार व्यक्ति अपने बच्चे को विद्यालय छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक एक कार से टकरा गई, जिससे बच्चा घायल हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय वहां से गुजर रहे प्रधान आरक्षक आशीष बागरी ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायल की सहायता शुरू कराई तथा तुरंत डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना बैढ़न की डायल-112 टीम महज पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई।
ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक सतीश बागरी एवं डायल-112 स्टाफ ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। साथ ही हादसे से घबराए बच्चे और परिजनों को समझाइश देकर उनका मनोबल भी बढ़ाया।
मौके पर मौजूद नागरिकों ने सिंगरौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील व्यवहार और सेवा भावना की सराहना की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सड़क दुर्घटना या आपात स्थिति में बिना घबराए तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, क्योंकि समय पर मिली जानकारी किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।












