वार्ड 30 का पचखोरा पहुंच मार्ग गड्ढों में तब्दील, हर दिन जोखिम उठाकर गुजर रहे लोग
राहगीर, स्कूली बच्चे और मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित, रहवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

सिंगरौली :नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 30 स्थित बिलौंजी-पचखोरा पहुंच मार्ग की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। पूरी सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को यह अंदाजा तक नहीं लग पाता कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। ऐसे में प्रतिदिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। कई वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने सड़क की मरम्मत तक नहीं कराई।
रहवासियों का आरोप है कि वार्ड के पार्षद, नगर निगम महापौर, नगर निगम अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक को इस सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई तो मजबूर होकर आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश शासन की राज्य मंत्री राधा सिंह का भी इसी मार्ग से समय-समय पर आवागमन होता है। वहीं भाजपा संगठन के जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल भी प्रतिदिन इसी सड़क से गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा दूर नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
रहवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सड़क का निर्माण अथवा तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले लोगों को राहत मिल सके।
क्या कहते हैं स्थानीय नागरिक
संदीप सिंह
“यह सड़क अब सड़क नहीं, गड्ढों का जाल बन चुकी है। हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।”
जगदीश जायसवाल
“स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बरसात में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।”
एस.एन. पांडे
“कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।”
के.के. तिवारी
“नगर निगम को इस सड़क की तत्काल मरम्मत करानी चाहिए। सड़क की बदहाली से वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और आम नागरिक आर्थिक नुकसान भी झेल रहे हैं।”
धनंजय दुबे
“राज्य मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, फिर भी सड़क की हालत नहीं सुधरना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।”
के.एस. नेताम
“यह केवल सड़क की समस्या नहीं बल्कि लोगों की सुरक्षा का मामला है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।”
दीपक सिंह
“रहवासी वर्षों से बेहतर सड़क की मांग कर रहे हैं। अब धैर्य जवाब दे रहा है। यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे।”













