बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मासिक समीक्षा बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिला पंचायत सीईओ ने जताई नाराजगी

​अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

​सिंगरौली -जनपद पंचायत चितरंगी के सामुदायिक भवन में ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली, श्री जगदीश गोमे उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत और उनकी प्रगति का आकलन करना था।

​समीक्षा के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा की। योजनाओं की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्रियान्वयन में अपेक्षित गति न होने से शासन की जनहितैषी मंशा प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त लहजे में कार्यप्रणाली में सुधार करने और सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

​बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, धरती आबा योजना, जनमन आवास योजना, ओडीएफ प्लस सत्यापन तथा नल-जल योजना के संधारण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ ने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायतों को शासकीय भवनों के मरम्मत कार्य का पूरा अधिकार प्राप्त है। इसलिए जो भी भवन सुधार के योग्य हैं, उनकी मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू कराया जाए।

​विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना की लक्ष्य अनुरूप प्रगति न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने एक निश्चित समय-सीमा तय की। उन्होंने मैदानी अमले को विशेष प्रयास करने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी जुलाई माह के अंत तक इस योजना में कम से कम 40 प्रतिशत प्रगति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।

​बैठक में अनुशासन और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। समीक्षा के दौरान बैठक से अनुपस्थित पाए गए सचिवों, सहायक सचिवों तथा अन्य अपेक्षित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए सीईओ ने उन्हें सेवा समाप्ति संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंत में सभी को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

Author

Related Articles

Back to top button