ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

722 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार

बरगवां पुलिस ने स्कॉर्पियो से पकड़ी 72.2 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, 11 लाख से अधिक का माल जब्त

सिंगरौली। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरगवां थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त ऑनरेक्स कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 722 शीशी (72.2 लीटर) ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। जब्त की गई सिरप एवं वाहन की कुल कीमत लगभग 11.15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सिंगरौली पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी रोशनी पटेल के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सूरज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आजादपुर (घिनहागांव) की ओर से एक सफेद रंग की स्कार्पियो (क्रमांक एमपी53-सीए-6578) में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त ऑनरेक्स कफ सिरप बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखी विंग्स ऑनरेक्स कंपनी की 722 शीशी (प्रत्येक 100 एमएल) कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुई। बरामद सिरप की कुल मात्रा 72.2 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.15 लाख रुपये है। साथ ही करीब 10 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई।

मामले में रजनीश कुमार विश्वकर्मा (25), निवासी चूल्ही, थाना सेमरिया, जिला सीधी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ औषधि नियंत्रण अधिनियम की धारा 5/13 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके साथ मिले विधि-विरुद्ध बालक को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सूरज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अरुण पटेल, प्रधान आरक्षक फूल सिंह, रामनिवास यादव, आशीष द्विवेदी तथा आरक्षक अरुणेन्द्र मिश्रा, अरविंद यादव, शिवभान सिंह एवं चंद्रकेश यादव की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button