बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गनियारी मुक्ति धाम में “अमृत हरित महाअभियान” के तहत होगा वृहद पौधरोपण

नगरीय क्षेत्र में लगाए जाएंगे 1 लाख 50 हजार पौधे, नगर निगम आयुक्त ने नागरिकों से सहभागिता की अपील

सिंगरौली,/ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा ” अमृत हरित महाअभियान के अंतर्गत आज प्रातः 11 बजे गनियारी मुक्ति धाम परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में कुल 1 लाख 50 हजार पौधों का रोपण किया जाना प्रस्तावित है। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने बताया कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे सघन हरित आवरण का रूप ले सकें।

आयुक्त श्रीमती प्रधान ने नगर निगम क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारी संगठनों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रातः 11 बजे गनियारी मुक्ति धाम पहुंचकर इस महाअभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प ले। नगर निगम द्वारा अभियान के अंतर्गत नगरीय क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, शासकीय परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों, सड़क किनारे तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ बनाना तथा भावी पीढ़ी को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।

Author

Related Articles

Back to top button