देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नागपुर से लौटते समय रास्ता भटके बुजुर्ग को 50 घंटे बाद बीएसएनएल टावर से सुरक्षित उतारा

 

पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा शहर के तीन शेर चौक स्थित बीएसएनएल टावर पर करीब 50 घंटे तक फंसे रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को बुधवार शाम पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित नीचे उतार लिया। सफल रेस्क्यू के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

बुजुर्ग की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर निवासी अंबुज डिगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से मिली डायरी में दर्ज जानकारी और मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग पिछले सात दिनों से लापता थे और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अपनी बेटी को नागपुर के पास छोड़ने गए थे। लौटते समय वे गलती से दूसरी ट्रेन में बैठ गए, जिससे पांढुर्णा पहुंच गए। इस दौरान उनका बैग और पैसे चोरी हो गए या गुम हो गए। पुलिस का मानना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण उन्होंने टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठाया।

बुधवार दोपहर रेस्क्यू टीम के टावर टेक्नीशियन राजा पवार, पुलिस आरक्षक नितेश रघुवंशी तथा एक अन्य युवक संदीप टावर पर पहुंचे। शुरुआत में बुजुर्ग ने लोहे की रॉड से विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने सूझबूझ से रॉड अपने कब्जे में लेकर उन्हें शांत किया। पानी पिलाने और समझाइश के बाद रस्सियों की मदद से उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। भीड़ के कारण अभियान में बाधा आने पर पुलिस ने लोगों को मौके से हटाया, जिसके बाद सिविल ड्रेस में पहुंचे जवानों ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

रेस्क्यू के बाद बुजुर्ग को पांढुर्णा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को सूचना देकर उन्हें सुरक्षित घर भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button