टीवी इंडस्ट्री में बदलाव जरूरी, समय के साथ खुद को ढालना ही सफलता की कुंजी : ईशा सिंह और विजयेंद्र कुमेरिया

मुंबई। भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच अभिनेत्री ईशा सिंह और अभिनेता विजयेंद्र कुमेरिया ने कहा है कि बदलते समय के साथ खुद को ढालना ही किसी कलाकार की सफलता की असली पहचान है। दोनों कलाकार इन दिनों जूही मुई में साथ नजर आ रहे हैं।
ईशा सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में टेलीविजन इंडस्ट्री में काफी बदलाव आया है और अब सोशल मीडिया भी कलाकारों के करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उनके अनुसार, कलाकार के लिए अपने काम के प्रति ईमानदार रहना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर नए किरदार को लेकर शुरुआत में झिझक रहती है, लेकिन यदि कलाकार पूरी निष्ठा से भूमिका निभाए तो दर्शक उसे स्वीकार कर लेते हैं।
वहीं विजयेंद्र कुमेरिया ने कहा कि पहले टेलीविजन धारावाहिकों में नाटकीयता अधिक होती थी, लेकिन समय के साथ दर्शकों की पसंद बदली है और अब नए विषयों व अलग तरह की कहानियों को प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने इसे इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक बदलाव बताया।
उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा हुई है, जिससे टेलीविजन पर बेहतर और विविधतापूर्ण कंटेंट तैयार किया जा रहा है। उनके अनुसार, नई सोच और नए प्रयोग ही मनोरंजन जगत को आगे बढ़ाते हैं।
दोनों कलाकारों का मानना है कि मनोरंजन उद्योग लगातार बदल रहा है और जो कलाकार व निर्माता समय के साथ खुद को विकसित करते रहते हैं, वही लंबे समय तक दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाए रखने में सफल होते हैं।













