देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक नमो भारत कॉरिडोर की डीपीआर तैयार, 50 मिनट में पूरा होगा सफर

 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में गाजियाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक प्रस्तावित नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। परियोजना पूरी होने के बाद गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक की यात्रा लगभग 40 से 50 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित कॉरिडोर गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र होते हुए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य एनसीआर के प्रमुख आवासीय, औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों के मुताबिक, इस रूट पर चलने वाली नमो भारत ट्रेनें 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक की परिचालन गति के अनुरूप तैयार की जाएंगी। कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, परी चौक, दनकौर, यीडा सेक्टर-21 और जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे।

परियोजना को मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। परी चौक स्टेशन पर नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, जबकि दिल्ली से आने वाले यात्री रेड लाइन के माध्यम से गाजियाबाद पहुंचकर सीधे नमो भारत ट्रेन से जेवर एयरपोर्ट तक यात्रा कर सकेंगे।

परियोजना के लिए भू-तकनीकी जांच, उपयोगिताओं की मैपिंग और अन्य प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुके हैं। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से एनसीआर में आवागमन आसान होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button