राम मंदिर ट्रस्ट ने पारदर्शिता बढ़ाने का दिया भरोसा, व्यवस्थाओं में किए गए सुधार

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भरोसा दिया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने कहा कि चढ़ावे की गिनती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार किए गए हैं, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना नहीं रहेगी।
गोविंद देव गिरी ने बताया कि उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चंपत राय पूरी तरह स्वस्थ हैं और नई व्यवस्थाओं का समर्थन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने अयोध्या के संतों से भी चर्चा की, जिन्होंने पूजा-पद्धति और मंदिर प्रबंधन में कुछ सुधार के सुझाव दिए हैं।
उन्होंने बताया कि चढ़ावे की गिनती वाले स्थान का निरीक्षण किया गया है और वहां नई सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। उनका कहना है कि अब कार्यप्रणाली पहले से अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी तथा किसी एक व्यक्ति पर निर्भरता भी नहीं रहेगी। ट्रस्ट ने यह भी कहा कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के बाद मंदिर प्रशासन और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होगा।
वहीं, ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन की सुविधा मिल रही है और व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी मंदिर प्रशासन और अधिक सुदृढ़ तथा पारदर्शी बनेगा।













